मानव सेवा के प्रति समर्पण की बनी मिसाल, युवाओं को दिया प्रेरक संदेश
विवेकानन्द शर्मा संवाददाता
देवरिया। मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए डॉ. रविकांत मणि त्रिपाठी ने 48वीं बार रक्तदान कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने रोटरी क्लब देवरिया द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान किया। डॉ. रविकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहायक बन सकता है। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। उनके इस सराहनीय कार्य की उपस्थित लोगों ने प्रशंसा करते हुए कहा कि लगातार 48वीं बार रक्तदान करना समाज के प्रति उनके समर्पण और सेवा भावना को दर्शाता है। डॉ. त्रिपाठी का यह प्रयास निश्चित रूप से अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा। रक्तदान शिविर में उपस्थित लोगों ने उनके इस योगदान को मानवता के प्रति एक अनुकरणीय पहल बताया।


