छह पदों के लिए होगा चुनाव, निर्वाचन कार्यक्रम व अधिकारियों की सूची जारी
रुद्रपुर (देवरिया)। प्रत्युष विहार रामचक में छात्र संघ चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। विद्यालय में लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से इस वर्ष भी बैलेट पेपर के माध्यम से छात्र संघ का चुनाव कराया जाएगा। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक मंत्री एवं क्रीड़ामंत्री के एक-एक पद के लिए मतदान होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन-पत्र 14 जुलाई तक प्राप्त किए जाएंगे, 16 जुलाई तक नामांकन दाखिल होगा, 17 जुलाई को नाम वापसी तथा 18 जुलाई को अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित की जाएगी। 8 अगस्त को सुबह 7 से 9 बजे तक बैलेट पेपर से मतदान, 9 से 11 बजे तक मतगणना तथा 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक परिणाम घोषित कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए कु. महक बरनवाल को मुख्य चुनाव अधिकारी, राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता को रिटर्निंग अधिकारी, कु. अनुपमा भारती को सहायक निर्वाचन अधिकारी तथा प्रशान्त सिंह को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। वहीं विजय बहादुर सिंह एवं कु. काजल पाण्डेय को पर्यवेक्षक तथा कु. काजल गोंड, कु. अंशिका पाण्डेय एवं कु. अंकिता विश्वकर्मा को मतगणना अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसकी जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य राणाप्रताप सिंह ने बताया कि छात्र संघ चुनाव का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं टीम भावना का विकास करना है।


