घरेलू गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि के विरोध में सपाइयों ने थाली बजाकर किया प्रदर्शन
बरहज (देवरिया)। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में वृद्धि के विरोध में शनिवार को बरहज-देवरिया पैना बाईपास पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर लेकर तथा थाली बजाकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विजय रावत ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई की जननी बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद से लगातार महंगाई बढ़ी है, जिससे आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीते तीन महीनों में ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है। रावत ने कहा कि पहले जो गैस सिलेंडर करीब 400 रुपये में मिलता था, उसकी कीमत अब एक हजार रुपये के पार पहुंच गई है। बढ़ती महंगाई से किसान, व्यापारी, छात्र, नौजवान और आम उपभोक्ता सभी परेशान हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता से यह आर्थिक लूट आखिर कब रुकेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में आई भाजपा सरकार से जनता निराश हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन की उम्मीद कर रही है।
प्रदर्शन में विकास यादव, संजय तिवारी, वीरेंद्र यादव, अखिलेश कुमार, सूरज सिंह, अनिल सिंह, राकेश मौर्य, राहुल यादव, अनुरुद्ध कुशवाहा, शैलेश सिंह, विकास मल्ल सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


