सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने पर लगा विकास मेला

रुद्रपुर में स्वास्थ्य शिविर व विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन, एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

राणाप्रताप सिंह

रुद्रपुर (देवरिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के समीप स्थित बहुउद्देशीय हाल में विकास मेला एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। विकास खंड रुद्रपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए स्टॉल लगाए।
मेले में बेसिक शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, ग्राम विकास, पंचायती राज, बाल विकास एवं यूपी नेडा सहित विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य एवं वित्तीय एवं प्रशासकीय विलंब समिति के सभापति डॉ. रतनपाल सिंह ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से बेसिक शिक्षा विभाग तथा पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है तथा महिलाओं को सम्मान और सशक्तिकरण के नए अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देशभर में आधुनिक एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और एम्स संस्थानों की स्थापना हुई है। सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है तथा विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, जबकि 85 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराकर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। एमएलसी ने कहा कि सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और सुरक्षा तक की जिम्मेदारी निभाने का कार्य किया है। साथ ही गरीब परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन को संवारने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद ने डॉ. रतनपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राम सुधरे पासवान, एमएलसी प्रतिनिधि महेश मणि त्रिपाठी एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया। खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह ने भी बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से मुख्य अतिथि का सम्मान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं पंचायत सहायकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुभाष चंद्र मद्धेशिया, कौशल किशोर सिंह, रमेश पांडेय, वीरेंद्र प्रकाश मिश्रा, दीनानाथ प्रजापति, सरस चंद्र जायसवाल, संतोष सिंह, ओंकार सिंह, विवेकानंद शर्मा, बलबीर यादव, विजय यादव, दीपक सिंह, वीरेंद्र पांडेय, मुन्ना गुप्ता, अरविंद मौर्य, अभिषेक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *