राणाप्रताप सिंह
देवरिया। नागरी प्रचारिणी सभा, देवरिया के तत्वावधान में आयोजित साहित्यिक उत्सव में कवयित्री अंजनी द्विवेदी ‘काव्या’ के कविता संग्रह ‘जाग रे पंछी’ का भव्य लोकार्पण किया गया। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच आयोजित समारोह में कवियों, साहित्यकारों और साहित्य प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ कवि महेंद्र राय रहे, जबकि अध्यक्षता नागरी प्रचारिणी सभा के उपाध्यक्ष इंद्र कुमार दीक्षित ने की। पुस्तक का लोकार्पण खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी रचनाएं नई पीढ़ी को संवेदनशील, जागरूक और संस्कारवान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समारोह में राम पुकार चौधरी, रजनीश मोहन, सरोज कुमार पांडेय, मुक्तिनाथ त्रिपाठी, ताज मोहम्मद सिद्दीकी, सुभाष राय, छेदी प्रसाद गुप्ता, रंजीत श्रीवास्तव और ललिता प्रसाद चौधरी सहित अनेक कवियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अन्य साहित्यकारों ने भी अपनी काव्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। वक्ताओं ने ‘जाग रे पंछी’ को संवेदनाओं, सामाजिक चेतना और जीवन मूल्यों की प्रभावी अभिव्यक्ति बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह काव्य संग्रह पाठकों को सकारात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक करने में सहायक सिद्ध होगा। नागरी प्रचारिणी सभा भवन में आयोजित इस समारोह में साहित्य प्रेमियों का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में सभा के मंत्री अनिल त्रिपाठी, रवींद्रनाथ तिवारी, शिक्षक प्रतिनिधि राजेश कुमार मिश्र, राजीव मिश्रा, नीतू सिंह, रानी सिंह तथा अन्नपूर्णा पांडेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कवयित्री अंजनी द्विवेदी ‘काव्या’ ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दुहराया।


