खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
राणाप्रताप सिंह
रूद्रपुर (देवरिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा कुसुम्हा में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कुसुम्हा निवासी गुड्डी देवी पत्नी गोविंद जायसवाल रात में गर्मी के कारण अपनी मां के साथ मकान की छत पर सोने चली गई थीं। बाद में दोनों नीचे आकर एसी लगे कमरे में सो गईं। इसी बीच अज्ञात चोर मकान के पीछे की ओर से पहुंचे और खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल तोड़कर घर के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने बेडरूम में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात एवं नगदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान में टीका, नथिया, हार, दो सेट झुमका, तीन मंगलसूत्र, दो पाजेब, चार पायल, दो सेट कुंडल, आठ अंगूठियां, चार मालाएं, चार कंगन सहित लाखों रुपये की नगदी शामिल बताई जा रही है। सुबह जब गुड्डी देवी अपने कमरे में पहुंचीं तो सामान बिखरा पड़ा मिला तथा खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता ने मदनपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।


