विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ

रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी

देवरिया। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष अलका सिंह ने देवरिया को अधिक हरा-भरा, स्वच्छ एवं पर्यावरणीय रूप से सतत बनाने के संकल्प के साथ वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के अंतर्गत उन्होंने ने स्वयं पौधारोपण किया तथा स्थानीय नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे वृक्षारोपण को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ एवं हरित देवरिया के निर्माण में योगदान दें। इस अभियान के तहत नगर पालिका परिषद, देवरिया को 1600 वृक्षारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। कार्यक्रम के दौरान अलका सिंह ने स्थानीय महिलाओं से संवाद स्थापित किया तथा उनके क्षेत्रों में स्वच्छता, हरियाली एवं पर्यावरण जागरूकता को लेकर उनके सुझाव और विचार प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक पर्यावरणीय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर पालिका द्वारा शहर में हरियाली बनाए रखने एवं सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण हेतु संचालित किए जा रहे चलित स्प्रिंकलर (मोबाइल स्प्रिंकलर) के कार्य का निरीक्षण एवं समीक्षा भी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद देवरिया में हरित क्षेत्र बढ़ाने तथा स्वच्छता को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी विभिन्न पहल और कार्यक्रम संचालित करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *