रुद्रपुर, देवरिया। तहसील रुद्रपुर के अधिवक्ता संघ ने नायब तहसीलदार अनिल तिवारी एवं उनके कार्यालय पर न्यायालयीय कार्यों में कथित भ्रष्टाचार तथा विधि-विरुद्ध कार्य किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन अधिवक्ता संघ की ओर से मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह को दिया गया।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि न्यायालयों में वादों के निस्तारण एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में अनियमितताएं बरती जा रही हैं, जिससे वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ता संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सत्यानंद पांडे, फणींद्र नाथ पांडे, विनोद पाठक, आनंद शंकर मणि, सत्य प्रकाश गुप्ता, कृष्ण मूर्ति मणि, बृजबिहारी पाण्डेय सहित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने तथा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


