- रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी –
-चौरी चौरा पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रेलर और चालक को दबोचा
चौरी चौरा। चौरी चौरा थाना क्षेत्र के भोपा बाजार चौराहे पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका आठ वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर जनपद के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी संत राज भारती (32) अपनी पत्नी शीला देवी (30) और पुत्र संगम (7) के साथ बाइक से झंगहा क्षेत्र के अमडीहा गांव अपने मौसा के घर आए थे। शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे तीनों तरकुलहा देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक भोपा बाजार चौराहे पर पहुंची, तभी एक ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि संत राज भारती और शीला देवी की पहिए के निचे दब कर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल बालक का उपचार जारी है।
हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तलाश शुरू की और कुछ ही देर बाद फुलवरिया चौराहे से ट्रेलर तथा चालक को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असामयिक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।


