स्वतंत्रता सेनानी हीरा सिंह की स्मृति में भव्य तोरण द्वार निर्माण की मांग

विधायक जयप्रकाश निषाद को सौंपा गया मांग पत्र, पैतृक गांव की सीमा पर स्मारक द्वार बनाने की उठाई आवाज

रुद्रपुर, (देवरिया)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय हीरा सिंह की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा नई पीढ़ी को उनके त्याग और बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से उनके पैतृक गांव पिडरा की सीमा पर भव्य तोरण द्वार निर्माण की मांग की गई है। इस संबंध में स्वतंत्रता सेनानी के प्रपौत्र एवं समाजिक कार्यकर्ता प्रशांत सिंह ठकुराई ने पूर्व मंत्री एवं रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद को मांग पत्र सौंपा। सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि स्वर्गीय हीरा सिंह ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक रहा है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति में गांव की सीमा पर भव्य तोरण द्वार का निर्माण कराया जाना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय होगा।
प्रशांत सिंह ठकुराई ने बताया कि इस मांग को लेकर वह विभिन्न जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहे हैं। इसी क्रम में इससे पूर्व उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह को भी मांग पत्र देकर इस कार्य के लिए सहयोग का अनुरोध किया गया था। उन्होंने कहा कि तोरण द्वार बनने से क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को नई पहचान मिलेगी तथा आने वाली पीढ़ियां स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से प्रेरणा प्राप्त करेंगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से इस जनभावना से जुड़े कार्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *