पीठासीन अधिकारियों की कार्यशैली पर जताया विरोध, मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराजगी
राणाप्रताप सिंह
रुद्रपुर (देवरिया)। बार एसोसिएशन रुद्रपुर ने तहसील प्रशासन एवं पीठासीन अधिकारियों की कार्यप्रणाली के विरोध में 15 जून से धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है। बार संघ का आरोप है कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन और मांगपत्र पर कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
बार अध्यक्ष सत्यानंद पांडे के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों में आ रही समस्याओं को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में शांतिपूर्ण धरना देने की घोषणा की है। मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश गुप्ता ने बताया कि अधिवक्ताओं के हितों तथा न्यायिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। वहीं महामंत्री विनोद पाठक समेत अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है। प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।


