विश्व रक्तदाता दिवस पर नागेंद्र चौहान ने किया 20वां रक्तदान

रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, समाजसेवा के लिए रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

राणाप्रतापसिंह

देवरिया। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में समाजसेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। शिविर में युवा रक्तदाता नागेंद्र चौहान ने अपना 20वां रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। नागेंद्र के 20वें रक्तदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
शिविर में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव एवं पूर्व प्रदेश उपसभापति अखिलेन्द्र शाही ने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से रक्त की कमी को दूर किया जा सकता है और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिजीत आर शंकर, महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ0 रजनी पटेल, रक्तदान प्रभारी रेडक्रॉस अनिल तिवारी, डॉ. एस.एन. मणि त्रिपाठी, डॉ. संजय गुप्ता, सुमित मिश्रा, नवनीत अग्रवाल, सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा के इस अभियान में सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *