विश्व रक्तदाता दिवस पर अनिल तिवारी ने किया 27वां रक्तदान

स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में दिखा सेवा का जज्बा, रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

राणाप्रतापसिंह

देवरिया। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल देखने को मिली। शिविर में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के रक्तदान प्रभारी अनिल तिवारी ने अपना 27वां रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस योगदान की उपस्थित लोगों ने सराहना की और उन्हें नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाला अग्रणी समाजसेवी बताया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव एवं पूर्व प्रदेश उपसभापति अखिलेन्द्र शाही ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से न केवल रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है, बल्कि यह समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने लोगों से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिजीत आर. शंकर, महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल, डॉ. एस.एन. मणि त्रिपाठी, डॉ. संजय गुप्ता, सुमित मिश्रा, नवनीत अग्रवाल सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा के इस अभियान में अपनी सहभागिता निभाई। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *