राणाप्रतापसिंह
देवरिया। शिक्षक हितों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, देवरिया ने प्रस्तावित टेट (TET) लागू किए जाने के विरोध में आंदोलनात्मक कदम उठाने का निर्णय लिया है। महासंघ द्वारा 18 जून को विद्यालय समय समाप्त होने के बाद जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक जय शिव प्रताप चंद ने जनपद के सभी शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं, अधिकारों और मांगों को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की आवश्यकता है। शिक्षक समाज की ताकत उसकी एकता में निहित है और सभी शिक्षकों को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। जिला सह संयोजक विवेक मिश्रा ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर महासंघ निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय कार्य समाप्त होने के बाद जिला मुख्यालय पहुंचकर ज्ञापन कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनपद के शिक्षक सदैव की भांति इस कार्यक्रम में भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक सम्मान, अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संगठन ने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


