रूद्रपुर तहसील में उबल रहा वकीलों का गुस्सा, तीसरे दिन भी जारी रहा आंदोलन

पीठासीन अधिकारियों की कार्यप्रणाली से नाराज अधिवक्ताओं का धरना जारी, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

राणाप्रताप सिंह

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील परिसर में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। तहसील बार संगठन के बैनर तले चल रहा आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर तहसील प्रशासन और पीठासीन अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। तहसील बार संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेश्वर मणि और महामंत्री विनोद पाठक के नेतृत्व में आयोजित धरने में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील में व्याप्त अव्यवस्था और विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। उनका कहना था कि कई दिनों से धरना जारी रहने के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं की जानकारी लेने तक नहीं पहुंचा। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल प्रभाव से कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता और व्यवस्था सुधार के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। धरना-प्रदर्शन में विजय सिंह, सुधांशु मौलि ओझा, फणींद्र नाथ पांडे, वीणा शर्मा, विकास त्रिपाठी, अजीत त्रिपाठी, सत्यपाल यादव, कृष्णमूर्ति मणि त्रिपाठी, पंकज शुक्ला, विकास दुबे सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *