रूद्रपुर (देवरिया)। क्षेत्र के ग्राम कुरैती स्थित हनुमान मंदिर परिसर में रविवार को श्री श्री 108 श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक जयघोष के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश धारण कर भाग लिया। गुड्डू बाबा के नेतृत्व में कलश यात्रा ग्राम कुरैती से शुरू होकर शिवपुरी, जंगल डोमडीला और हड़ही पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने वैदिक विधि-विधान से जल भरकर यज्ञ स्थल के लिए प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि हनुमान मंदिर, गाजीपुर-भैंसही में आयोजित महायज्ञ 7 जून से 17 जून तक चलेगा। यज्ञ का समापन पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ होगा। वाराणसी से पधारे यज्ञाचार्य पं. नितेश शास्त्री तथा यज्ञकर्ता अयोध्या के महेंद्र दास वेदान्ती के निर्देशन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। महायज्ञ के आयोजन में सत्यपाल, सीताराम, मुकुल सर, हरेंद्र प्रधान, शंभुनाथ यादव, आनंद विश्वकर्मा, बृजेश प्रधान, अभिषेक यादव, विनय पासवान, मोनू यादव और नन्हे यादव सहित क्षेत्र के ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार महायज्ञ में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।


