रक्तदान से बचाई जा सकती हैं अनगिनत जिंदगियां : अखिलेन्द्र शाही

विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित शिविर में 25 लोगों ने किया रक्तदान, रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

राणाप्रताप सिंह

देवरिया। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी संदेश देखने को मिला। शिविर में कुल 25 महादानियों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में अपनी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव एवं पूर्व प्रदेश उपसभापति अखिलेन्द्र शाही ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए युवाओं को आगे आकर रक्तदान आंदोलन से जुड़ना चाहिए।
शिविर में युवा रक्तदाता नागेंद्र चौहान ने अपना 20वां रक्तदान कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं रेडक्रॉस के रक्तदान प्रभारी अनिल तिवारी ने अपना 27वां रक्तदान किया। दोनों रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिजीत आर. शंकर, महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल, डॉ. एस.एन. मणि त्रिपाठी, डॉ. संजय गुप्ता, सुमित मिश्रा, नवनीत अग्रवाल, लालजी गुप्ता सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शिविर के अंत में रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई तथा मानव सेवा के इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *