राणाप्रताप सिंह
देवरिया। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मेहरा पुरवा, देवरिया में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11 में विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग में मेरिट के आधार पर प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को वर्ष 2025-26 में जनपद देवरिया के किसी मान्यता प्राप्त सीबीएसई अथवा अन्य राज्य शिक्षा बोर्ड से कक्षा 10 उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही अभ्यर्थी के न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। विज्ञान वर्ग में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए कक्षा 10 में विज्ञान एवं गणित विषय में अलग-अलग 60 प्रतिशत अंक होना भी जरूरी होगा। सूचना के अनुसार अभ्यर्थियों की जन्मतिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए। इच्छुक छात्र नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा विद्यालय कार्यालय अथवा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से भी आवेदन पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार वाणिज्य वर्ग में 35 तथा विज्ञान वर्ग में 10 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिनकी संख्या आवश्यकता के अनुसार घटाई या बढ़ाई जा सकती है। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र ई-मेल अथवा कार्यालय समय में विद्यालय में जमा किए जा सकते हैं।


