नायब तहसीलदार पर भ्रष्टाचार व मनमानी के गंभीर आरोप, जांच की मांग

पूर्व शिकायत पर कार्रवाई न होने से भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप, संपत्तियों की जांच कराने की भी उठी मांग

राणा प्रताप सिंह

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील रुद्रपुर में तैनात नायब तहसीलदार के खिलाफ भ्रष्टाचार, न्यायिक अनियमितता और मनमानी कार्यशैली के आरोप लगाते हुए तहसील बार एसोसिएशन ने राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष को शिकायती पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि पूर्व में की गई शिकायत पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप है कि वर्षों से लंबित राजस्व वादों के निस्तारण में उदासीनता बरती जा रही है, जबकि कुछ मामलों को प्राथमिकता देकर शीघ्र आदेश पारित किए जाते हैं। बार संघ के अध्यक्ष सत्यानन्द पाण्डेय सहित अधिवक्ताओं ने राजस्व अभिलेखों में अनियमितता, निजी व्यक्तियों से सरकारी कार्य कराने, अवैध वसूली तथा उच्च न्यायालय के आदेशों की अनदेखी जैसे आरोप भी लगाए हैं। शिकायती पत्र में कुछ मामलों में कथित फर्जी इंद्राज, खारिज-दाखिल प्रकरणों में विलंब तथा कार्यालयी कार्यप्रणाली में अनियमितताओं का भी उल्लेख किया गया है। बार एसोसिएशन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई एवं कथित अर्जित संपत्तियों की जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *