स्व. भृगुनाथ प्रसाद बरनवाल की तृतीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, वक्ताओं ने याद किए उनके आदर्श और योगदान

राणाप्रताप सिंह

देवरिया। समाज के सम्मानित एवं प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व रहे स्वर्गीय भृगुनाथ प्रसाद बरनवाल की तृतीय पुण्यतिथि पर बुधवार की शाम शहर के सिविल लाइंस रोड स्थित श्रीरामजानकी मंदिर के नवनिर्मित मंडप में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शुभचिंतक एवं परिजन उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीपप्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्व. भृगुनाथ प्रसाद बरनवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उपस्थित लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूनम मणि त्रिपाठी ने भजन प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रविकांत मणि त्रिपाठी ने किया।

         पूर्व विधायक रविन्द्र प्रताप मल्ल ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. भृगुनाथ प्रसाद बरनवाल का जीवन समाज सेवा, सादगी और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उन्होंने अपने व्यवहार, विचार और कार्यों से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई, जो आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। अखिलेन्द्र शाही ने कहा कि व्यक्ति अपने कार्यों और संस्कारों के माध्यम से समाज में अमिट छाप छोड़ता है। स्व. बरनवाल के आदर्शों एवं उनके द्वारा स्थापित मानवीय मूल्यों का अनुसरण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अखिलेश जायसवाल ने कहा कि स्व. भृगुनाथ प्रसाद बरनवाल सदैव समाज को जोड़ने और लोगों को प्रेरित करने का कार्य करते रहे। वहीं हरेन्द्र जायसवाल, जवाहर बरनवाल, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, सरोज पाण्डेय, रामनिवास पाण्डेय, दिवाकर तिवारी, उपेन्द्र शाही, राजा मणि, अनिल मिश्रा, विजय प्रसाद पोद्दार, देवेन्द्र मणि, अभय द्विवेदी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि स्व. बरनवाल का स्नेह, मार्गदर्शन और व्यवहार आज भी लोगों के दिलों में जीवंत है तथा उनके विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।

          कार्यक्रम के अंत में आयोजक अरुण कुमार बरनवाल के साथ अरविंद बरनवाल, राजीव बरनवाल, संजय बरनवाल, आशीष बरनवाल और मधुर बरनवाल सहित परिवार के सदस्यों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के उपरांत सहभोज का आयोजन भी किया गया। इस दौरान राजेन्द्र जायसवाल, राणाप्रताप सिंह, शशांक मणि त्रिपाठी, मनीष आनंद मिश्रा, रामप्रवेश भारती, कृष्णमोहन गुप्ता, कमलेश मित्तल, जावेद अहमद, दिनानाथ बरनवाल, उपेन्द्र तिवारी, देवेन्द्र मणि त्रिपाठी, सिद्धार्थ मणि, छेदी प्रसाद गुप्ता, पुरुषोत्तम गोयल, राजेश मिश्रा, संगीताचार्य नित्यानंद, जितेन्द्र पाण्डेय, डॉ. सौरभ बरनवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *